Wednesday, January 3, 2018


स्वप्न और जाग्रति 

           तुम हो मेरे प्यार का स्वप्न
           तुम ही मेरी जाग्रति भी

माना कि मेरे भुवन का
सत्य है बस कल्पनाएं
मन की हलचल में अटलता
है समोती भावनाएं
पर उस अमापित शून्य का
बस एक ही है केंद्र बिंदु
आँसू की एक बूँद में है
तेरी प्रीत का असीम सिंधु
तुम ही निर्गुण आस्था मेरे प्रेम की हो
तुम ही उसकी आकृति भी
           तुम हो मेरे प्यार का स्वप्न
           तुम ही मेरी जाग्रति भी

जग में फैला है वहम कि
मैं स्वयं को खो चुका हूँ
कैसे समझाऊं उन्हें कि
मैं स्वयं में खो चुका हूँ
काटकर मन के अँधेरे
जितना तुमको पा रहा हूँ
सत्य को तकता स्वयं के
पास उतना आ रहा हूँ
तुम ही शाश्वत खोज मेरे अस्तित्व की हो
तुम ही सर्वस्व मैं की प्राप्ति भी
           तुम हो मेरे प्यार का स्वप्न
           तुम ही मेरी जाग्रति भी



No comments: